ब्लॉक प्रमुख सहित कई पंचायत प्रतिनिधियों ने ली भाजपा की सदस्यता

देहरादून, 21 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परिवार में वृद्धि के तीसरे चरण के अभियान के तहत गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में ब्लॉक प्रमुख समेत बड़ी संख्या में पंचायत जनप्रतिनिधियों ने सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए लोकसभा चुनावों में 75 फीसदी मत प्रतिशत हासिल करने के लक्ष्य हासिल करने में जुटने का आह्वान किया।

बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में पौड़ी, द्वारीखाल से 4 बार के ब्लॉक प्रमुख महेंद्र राणा के नेतृत्व में कांग्रेस और निर्दलीय 108 जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम प्रधान भाजपा में शामिल हुए। साथ ही उत्तरकाशी व देहरादून के चकराता और धर्मपुर के सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों और वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भगवा पटका पहनकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। शामिल होने वालों में उत्तरकाशी चिन्यालिसौड से युवा नेता सुमन बड़ोनी, मनोज राणा भी शामिल हैं।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवीन सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि पार्टी में उनके सम्मान और भावनाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को जनता के साथ-साथ तमाम पार्टियों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर आने वाले चुनावों में पार्टी को रिकॉर्ड जीत दिलानी है।

इस अवसर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ नेता महेंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों एवं भाजपा के सिद्धांतों से प्रभावित होकर हम सब यहां आए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देंगी उसे पूर्ण क्षमता के साथ पूरा करने काम करेंगे।