पचास लाख की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

मीरजापुर, 16 जनवरी (हि.स.)। अदलहाट थाना की पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस की सयुंक्त टीम ने मंगलवार को कौडिया कला के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रक से 370 पेटी में 33 हजार लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया। पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए ट्रक में सवार एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

अदलहाट थाना के प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर लखीमपुर खीरी का रहने वाला रवि वर्मा है। वह अंग्रेजी शराब हरियाणा के सोनीपत से झारखण्ड ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने का कार्य करता है।

वह उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने से पूर्व वाहन का नम्बर प्लेट बदल देता है ताकि पकडा न जा सके। गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में अदलहाट थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को सीज किया गया।