उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया

ऋषिकेश, 12 जनवरी (हि.स. )। उत्तरांचल पंजाबी महासभा ऋषिकेश की ओर से लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल और नगर निगम की पूर्व महापौर अनीता ममगांईं ने लोहड़ी जलाकर एक दूसरे को बधाइयां दी। इस दौरान पंजाबी गायक जस्सा बिट्स, गायिका मोनिका और जूनियर हनी सिंह ने गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।

गुरुवार की देर रात्रि को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोहड़ी के त्योहार की एक अलग धूम ही होती है। इसे हर्षोल्लास का त्योहार कहा गया है। उन्होंने कहा कि सिख समाज के लिए लोहड़ी पर्व विशेष महत्व रखता है। लोहड़ी की संध्या को आग जलाकर सभी लोग उसके चारों ओर चक्कर काटते हुए नाचते गाते हैं। इस दौरान अग्नि देव का आभार प्रकट करने के लिए आग में रेवड़ी, मूंगफली, खिल, मकई के दानों की आहुति दी जाती है। जिस घर में कोई भी शुभ कार्य होता है वहां लोहड़ी को और भी धूमधाम से मनाया जाता है।

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल अग्रवाल ने कहा कि नई फसल के आगमन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला यह लोहड़ी का पर्व भारत की उल्लास पूर्ण और रंग बिरंगी संस्कृति का परिचायक है। नव ऊर्जा और नए संकल्प के साथ यह उत्सव हमारी परंपराओं एवं मान्यताओं को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हमें समाज में समरसता और सौहार्द कायम रखने के साथ ही प्रदेश की सुख समृद्धि में सहभागी बनने का संकल्प लेना होगा।