जावेद मट्टू की पुलिस हिरासत 5 दिनों के लिए बढ़ी

नई दिल्ली, 12 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने संदिग्ध आतंकी जावेद मट्टू की दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की हिरासत 5 दिनों के लिए और बढ़ा दी है। आज मट्टू की पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मट्टू की हिरासत बढ़ाने की मांग की। स्पेशल सेल ने कहा कि मट्टू को कुछ जगहों पर लेकर जाना है।

उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी को कोर्ट ने मट्टू को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की हिरासत में आजतक के लिए भेजा था। जावेद मट्टू हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़ा हुआ है। 5 जनवरी को पेशी के दौरान मट्टू की ओर से एफआईआर की प्रति देने की मांग की गई थी। उस समय दिल्ली पुलिस ने कहा था कि मामला काफी संवेदनशील है, इसलिए एफआईआर की प्रति नहीं दी जा सकती है।

मट्टू पर जम्मू और कश्मीर में 11 आतंकी हमलों और पांच ग्रेनेड हमले को अंजाम देने का आरोप है। मट्टू पर दस लाख रुपये का इनाम था। उस पर पांच पुलिसकर्मियों की हत्या और कई पुलिसकर्मियों व आम नागरिकों को घायल करने का भी आरोप है। जावेद सोपोर में एक आईईडी विस्फोट में भी शामिल रहा है। मट्टू को दिल्ली के निज़ामुद्दीन इलाके से गिरफ्तार किया गया। जब उसे गिरफ्तार किया गया था, उस समय वह चोरी की गाड़ी चला रहा था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक मट्टू हिजबुल मुजाहिद्दीन के अलावा अल बदर के लिए भी काम करता था। जावेद मट्टू ए श्रेणी का आतंकी है।