अनूपपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। कोतमा थाना क्षेत्र में शनिवार को जय श्री राम के नारे लगाते हुए रास्ते से जा रहे युवकों का रास्ता रोक कर समाज विशेष के लोगों ने मारपीट की। शिकायत पर रविवार को कोतमा थाने में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कोतमा थाना प्रभारी के अनुसार इसमें नाबालिग कितने हैं, मामले की जांच के बाद पता चलेगा।
फरियादी नवीन दीवान ने बताया कि शनिवार को अपने दोस्त अजय सिंह, ओम गुप्ता, कृष्णा चौबे, ऋषभ सोनी के साथ स्कूल का वार्षिक उत्सव देखकर लौट रहे था। तभी हारून के टाल के पास रास्ते में समाज विशेष के लोग शोहराब अरसफी, सिफान मंसूरी, फरहान मंसूरी, मोहम्मद आसिक, अयान खान, एकलाक अरसफी एवं ताहा खान ने जय श्री राम के नारे लगाने पर रास्ते में रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की।
नवीन ने बताया कि उन्होंने मुझे चांटा मारा और ऋषभ सोनी, अजय राणा से भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान ओम गुप्ता, शरद शर्मा, कृष्णा चौबे और सुजल सैनी भी वहां मौजूद थे। मारपीट से मुझे गर्दन, बांए कान, पीठ में चोट आई है। ऋषभ सोनी के सिर, चेहरे, गले, पीठ और अजय सिंह राणा के चेहरे, पीठ और दाहिने पैर में चोट आई है।
कोतमा थाना प्रभारी सुंद्ररेश मरावी ने बताया कि मामले में शोहराब अरसफी, सिफान मंसूरी, फरहान मंसूरी, मोहम्मद आसिक, अयान खान, एकलाक अरसफी एवं ताहा खान के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।