अयोध्या, 16 जनवरी (हि स)। मणि पर्वत के निकट तीर्थ क्षेत्रपुरम समेत तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा तैयार कराई जा रही सभी टेंट सिटी में व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। तीर्थ पुरम क्षेत्र में संतों का आगमन भी प्रारंभ हो गया है।
आवासीय व्यवस्था के तहत मणि पर्वत के पास तैयार किए गए तीर्थ क्षेत्र पुरम में आठ हजार बिस्तर आगंतुकों के लिए हैं। पूरे परिसर को छह नगरों में बांटा गया है। नगरों के नाम राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संतों के नाम रखे गए हैं। इसके अलावा छावनी के योग केंद्र और कारसेवकपुरम में भी आवासीय व्यवस्था पूर्ण हो गई है ।
तीर्थ क्षेत्र पुरम में पांच भोजनालय प्रारंभ हो गए हैं, इसमें करीब 2000 लोगों का भोजन रोज बन रहा है । यहां का दस शैया वाला अस्पताल भी 20 चिकित्सकों के साथ हर तरह की बीमारी से निपटने को तैयार है। तमाम चिकित्सक रिजर्व में भी हैं ।
विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री और आवास योजना के प्रभारी कोटेश्वरशर्मा ने बताया कि तीर्थ क्षेत्र द्वारा बसाई गई तीनों टेंट सिटी में सभी सुविधाएं जुटा ली गई हैं। तीर्थ क्षेत्र पुरम में 300 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा दुपहिया वाहनों की पार्किंग ही बनाई गई है।
विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह तीर्थपुरम क्षेत्र की व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर सारी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। यहां की व्यवस्था में लगने वाले कार्यकर्ता आज पहुंच जाएंगे।
छावनी योग केंद्र की टेंट सिटी के प्रभारी क्षेत्रीय संगठन मंत्री विश्व हिन्दू परिषद मनोज हैं। यहां की व्यवस्था में दर्शन,महेश,डा.परमानंद, रनदीप पोखरिया,धईरजजई, कुलदीप रावल,ब्रजेशानंद,राम मिलन, पंकज आदि व्यवस्था में लगे हैं। इसके अलावा कारसेवकपुरम की टेंट सिटी भी आगंतुकों की अगवानी को तैयार है।