जेम पोर्टल को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

देहरादून, 25 जनवरी (हि.स.)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गवर्नमेंट ई-मार्केट प्लस-जेम पोर्टल संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला गुरुवार को मंदिर समिति के केनाल रोड स्थित कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। कार्यशाला में जेम पोर्टल प्रशिक्षकों ने ऑनलाइन क्रय-विक्रय प्लेटफार्म की जानकारी दी।

कार्यशाला में बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुशासन और पारदर्शिता के लिए प्रदेश के सरकारी विभागों के लिए जेम पोर्टल को लागू किया है, ताकि सरकारी खरीद में शत-प्रतिशत भ्रष्टाचार समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जेम एक ऑनलाइन पारदर्शी प्लेटफार्म है। जिसमें उच्च श्रेणी गुणवत्तायुक्त सामान, उचित मूल्य की सार्वजनिक खरीद संभव है।

जेम पोर्टल के मुख्य प्रशिक्षक दीपक गोयल ने कार्यशाला में शामिल प्रशिक्षणार्थियों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया। पहले सत्र में जेम पोर्टल का इतिहास और जेम पोर्टल निर्माण संबंधित जानकारी दी। द्वितीय सत्र में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के परिप्रेक्ष्य में जेम पोर्टल की व्याख्या की गयी।