गोवा, 11 जनवरी (हि.स.)। गोवा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट के चौथे दिन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने दिव्यांग लोगों के लिए 70 घंटे का इंटरैक्टिव रोजगार कौशल पाठ्यक्रम की शुरुआत की। गुरुवार को गोवा कला अकादमी में आयोजित समारोह में इस पाठ्यक्रम की शुरुआत की। इस पाठ्यक्रम को विभाग और एनेबल्ड इंडिया ने तैयार किया है। इसके साथ इस मौके पर दिव्यांगजनों और बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए बाधा मुक्त वातावरण के लिए सुसंगत दिशा-निर्देश और मानकों को भी जारी किया गया।
इस मौके पर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव अग्रवाल ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो सकें। इसके साथ राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद, दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से उनके लिए बाधा मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए मानकों को भी जारी किया गया है। एक क्रांतिकारी कदम है क्योंकि इन मानकों को सरकार से जुड़े सभी कौशल प्रशिक्षण संगठनों द्वारा देशभर में अपनाया जाएगा।
इस मौके पर गोवा सरकार के समाज कल्याण मंत्री सुभाष फाल देसाई सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।