दिल्ली से अयोध्या धाम पद पैदल जा रहे लोगों का जोरदार स्वागत

बदायूं, 10 जनवरी (हि.स.)। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हर किसी में उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में दिल्ली से अयोध्या धाम पद यात्रा कर रहे रामभक्त प्रभांशु व सोनू का बुधवार को बदायूं पहुंचने पर भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने स्वागत कर मंगलमय पद यात्रा की कामना की।

इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने जा रही है। पूरे देश में वातावरण राम मय हो गया है। भगवान राम में आस्था और विश्वास को लेकर दिल्ली से प्रभांशु व सोनू पदयात्रा करते हुए भगवान राम के दर्शन करने के लिए अयोध्या जा रहे हैं।

प्रभांशु व सोनू ने बताया कि उन्होंने 1 जनवरी से पदयात्रा शुरू की थी। 22 जनवरी से पहले ही उन्हें अयोध्या पहुंचना है। उन्होंने बताया कि जगह-जगह लोग उनका स्वागत भी कर रहे हैं। इस मौके पर एमपी सिंह राजपूत, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, आशीष शाक्य, धीरज पटेल, संदीप चौहान, अनुराग दिक्षित, अभिषेक वर्मा, अनुभव उपाध्याय आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।