झांसी, 06 फरवरी (हि.स.)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सुबह तड़के करीब गश्त कर रहे बिजौली थाना पुलिस के दरोगा ने करीब तीन बजे राजगढ़ बल्लमपुर मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक को पड़ा देखा। पुलिस ने रुककर युवक को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
इस मामले में पुलिस ने पास ही स्थित सीमेंट के गोदाम पर तैनात चौकीदार से जब पुलिस ने पूछताछ की तो युवक की शिनाख्त बिजौली निवासी मनोज पुत्र सेवाराम अहिरवार के रुप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। पुलिस पूछताछ में मृतक के परिजनों ने मनोज शराब पीने का आदी था और पूरे दिन नशे में धुत्त रहता था। मनोज के शराब पीने के कारण एक साल पहले उसकी पत्नी पूजा 30 वर्ष अपने तीन बच्चों को लेकर मायके दुमदुमा थाना पृथ्वीपुर मप्र में पिता के पास रहने लगी थी। मनोज की मौत हो जाने की खबर पाकर मनोज के ससुर प्रकाश चंद्र अहिरवार निवासी दुमदुमा थाना पृथ्वीपुर भी बेटी को लेकर सुबह बिजौली पहुंचे। मनोज के ससुर ने बताया कि दामाद द्वारा रोजाना शराब पीने के कारण घर में झगड़ा होता था और आए दिन बेटी से मारपीट होती थी जिससे पूजा अपने बच्चों को लेकर एक साल से मायके में रह रही है।
बिजौली पुलिस चौकी प्रभारी का कार्यभार देख रहे प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान एक युवक का शव बल्लमपुर राजगढ़ मार्ग पर सीमेंट गोदाम के पास सड़क किनारे मिला था। मृतक की पहचान हो गई है। पूछताछ में उसके शराब के आदी होने का पता चला है और परिजनों के कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।