कांग्रेस-आप गठबंधन के खिलाफ भाजपा ने शुरू किया पोस्टर वार

नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन के खिलाफ पोस्टर वार शुरू किया है।

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भाजपा दफ्तर के बाहर दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर नए पोस्टर लगवाए हैं। यहां दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी का कार्यालय है। पोस्टर में सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर, कमलनाथ के पोस्टर लगाने के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी पोस्टर लगाया है। साथ ही पोस्ट के ऊपरी हिस्से में बड़े-बड़े शब्दों में लिखा गया है कि 1984 के सिखों के कातिलों के साथ केजरीवाल ने मिलाया हाथ। जबकि निचले हिस्से में लिखा है कि सिखों के कातिलों को जेल भिजवाने की बजाय केजरीवाल उन्हें संसद पहुंचाना चाहते हैं।

पोस्टर के निचले हिस्से में मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपना नाम लिखा है। इस पोस्टर को भाजपा कार्यालय के आसपास के अलावा कई और जगहों पर लगाया गया है।