गाजियाबाद के राजनगर में भाजपा के लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ

गाजियाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। जिले के राजनगर इलाके में रविवार को भाजपा के लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सर्वप्रथम हवन पूजन से शुरू हुआ। कार्यक्रम में पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया एवं तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित हुए।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल (रि.) वीके सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ हवन-पूजन कर इस कार्यालय का उद्घाटन किया और अबकी बार 400 पार के नारे को सिद्ध करने का संकल्प दृढ़ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारियां बड़े स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी। जनता के सहयोग एवं आशीर्वाद से अबकी बार 400 पार का नारा प्रधानमंत्री ने दिया है। गाजियाबाद में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत गाजियाबाद के विकास को और अधिक गति देने का काम करेगी।

गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र का विकास, गरीब कल्याण और बढ़ता हुआ इंफ्रास्ट्रक्चर, बढ़ता हुआ उद्योग, सड़कों का जाल, बढ़ता हुआ रेलवे नेटवर्क, मेट्रो नेटवर्क तथा नई एक्सप्रेस-वे का निर्माण और जन कल्याणकारी नीतियों ने गाजियाबाद को शिखर तक पहुंचाया है। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, लोकसभा प्रभारी विजय शुक्ला, लोकसभा संयोजक अजय शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल आदि मौजूद रहे।