हरदा, 6 फरवरी (हि.स.)। शहर स्थित पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह हुए विस्फोट के कारण आसपास के 50 से ज्यादा घरों में आग लग गई। हादसे में कुछ लोगों की मौत की आशंका है। हालांकि अभी किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के दौरान अफरातफरी के बीच लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागते नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह अवैध पटाखा फैक्ट्री मगरधा रोड के पास है। मंगलवार सुबह फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। पटाखे में इस्तेमाल के लिए रखे बारूद के कारण आग ने जल्द विकराल रूप धारण कर लिया।
विस्फोट की वजह से क्षेत्र में अफरातफरी है। फैक्ट्री से उठती आग की लपटों ने आसपास के कई घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण है कि धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया है।