भोपाल, 21 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (बुधवार को) छिंदवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे और जिले को करोड़ों रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री यहां औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) मेले का शुभारंभ करेंगे और जनसभा में सहभागिता करने के साथ ही रोड-शो भी करेंगे।
छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 2:30 बजे हवाई पट्टी इमलीखेड़ा आएंगे और यहां पोला ग्राउंड छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 103.99 करोड़ रुपये लागत के 36 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव पांच विभागों के 46.77 करोड़ रुपये लागत के नौ निर्माण कार्यो का भूमिपूजन और सात विभागों के 57.22 करोड़ रुपये लागत के 27 विकास कार्यो का लोकार्पण करेंगे। साथ ही श्रीअन्न मेले की प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इस श्रीअन्न मेले के अंतर्गत श्रीअन्न को प्रोत्साहन देने के लिये जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर द्वारा निर्मित श्रीअन्न (मिलेट्स) के विभिन्न व्यंजन के स्टॉल जिसमें नूडल्स, पास्ता, कुकीज़, बिस्किट आदि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा और कार्यशाला में श्रीअन्न उत्पादन व प्रसंस्करण की तकनीकी जानकारी दी जाएगी, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों के किसान सहभागिता करेंगे।