बदायूं, 11 फरवरी (हि.स.)। बिल्सी थाना क्षेत्र के बैरमई बुजुर्ग गांव में रविवार सुबह एक अधेड़ का शव खेत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजन शव मिलने के बाद अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। अधेड़ की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
बैरमई बुजुर्ग गांव के रहने वाले राम बहादुर सक्सेना शनिवार रात को जानवरों से गेहूं की फसल की रखवाली करने गए थे। रातभर लाल बहादुर घर वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह जब परिजनों ने देखा तो लाल बहादुर सक्सेना का शव खेत पर संदिग्ध हालात में मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बिल्सी थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि अधेड़ का शव मिला है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में जो भी तथ्य निकाल कर आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लाल बहादुर सक्सेना के बेटे ने बताया कि उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने पुलिस से जांच कर सही से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।