मसूरी, 23 फरवरी (हि.स.)। मसूरी के झड़ीपानी में रेलवे की 317 एकड़ संपत्ति का सीमांकन किया जाने को लेकर शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग और रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी झड़ीपानी पहुंचे। हालांकि कानूनगो के हाई कोर्ट जाने के कारण सीमांकन की कार्रवाई नहीं हो पाई। रेलवे के अधिकारियों ने स्थानीय भू स्वामियों द्वारा पेश किए गए कागजात और नक्शे का भी निरीक्षण किया गया। अब 26 फरवरी को यह कार्य होगा।
रेलवे के अधिकारी एसएस रावत ने बताया कि झड़ीपानी में रेलवे की 317 एकड़ जमीन है। जिस पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। ऐसे में रेलवे द्वारा अपनी 317 एकड़ जमीन का सीमांकन कराए जाने को लेकर स्थानीय प्रशासन और राजस्व की टीम की मदद मांगी गई है। उन्होंने बताया कि कानूनगो के अनुपस्थित होने के कारण शुक्रवार को सीमांकन की कार्रवाई नहीं हो पाई। सोमवार को रेलवे की 317 एकड़ जमीन का सीमांकन होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग की झडीपानी क्षेत्र में 317 एकड़ जमीन है जिसके पुख्ता प्रमाण और कागजात उनके पास मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे के उच्च अधिकारियों द्वारा साफ निर्देश दिए गए हैं कि रेलवे की 317 एकड़ जमीन को पूर्ण रूप से अपने कब्जे में लिया जाना है और जिन लोगों ने रेलवे की जमीन पर कब्जा किया है उनको हटाया जाना है। उन्होंने कहा कि सोमवार को राजस्व विभाग, स्थानीय प्रशासन और रेलवे की टीम के द्वारा संयुक्त रूप से रेलवे की जमीन का सीमांकन किया जाएगा।