उज्जैन में इंवेस्टर्स समिट एक और दो मार्च को होगी आयोजित

उज्जैन, 16 फरवरी (हि.स.)। आगामी एक और दो मार्च को उज्जैन में भव्य स्तर पर इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आने वाले दिनों में उज्जैन में आयोजित होने वाली समिट, क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन के बारे में मध्य प्रदेश औद्योगिक विभाग कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा शुक्रवार को स्थानीय मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत की गई। एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी संचालक राजेश राठौर ने इंवेस्टर्स समिट के बारे में पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय के अन्तर्गत उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच और आगर-मालवा जिले आते हैं। हमारे क्षेत्र में कुल औद्योगिक क्षेत्र में से 11 विकसित हैं तथा सात विकासाधीन हैं। इसमें 997.44 हेक्टेयर का क्षेत्रफल विकसित हो चुका है तथा 1902.58 हेक्टेयर जमीन विकासाधीन है। उज्जैन में औद्योगिक विकास हेतु कुल 133.66 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जिसका ऑनलाइन अलॉटमेंट आने वाले दिनों में किया जाएगा।