-नगर पालिका की सदन में विकास कार्यों पर लगी मुहर
मीरजापुर, 14 फरवरी (हि.स.)। नगरवासियों को अब आवासीय मकान के कर एक रुपये प्रतिवर्ग फुट की दर से देने होंगे। पहले 1.40 रुपये वर्ग फुट देने पड़ते थे। नगर पालिका परिषद की सदन के इस निर्णय से लोगों को काफी सहूलियत होगी। साथ ही पालिका को आत्मनिर्भर बनाने पर भी चर्चा हुई।
लालडिग्गी स्थित प्रधान कार्यालय पर हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर में पानी की समस्या को जड़ से खत्म करने और घर-घर पेयजल पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। वहीं सभासदों ने सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने का मुद्दा उठाया। नगर में आवासीय मकानों पर 1.40 रुपया वर्ग फुट के हिसाब से लग रहे कर को कम करने के लिए भी सभासदों ने एकमत होकर मुहर लगाई। सदन की सहमति के बाद अब एक रुपया वर्ग फुट कर दिया गया है। इससे आम जनता को राहत मिलेगी। सदन में लिए निर्णय के मुताबिक, नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क एवं गली निर्माण, पार्क सुंदरीकरण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 15वें वित्त से कार्य कराया जाएगा।