हरिद्वार, 23 फरवरी (हि.स.)। श्री नृसिंह धाम पीठ के परमाध्यक्ष जगद्गुरू रामानन्दाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य महाराज के संयोजन में बैरागी कैम्प में आयोजित कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान शुक्रवार को विशाल संत समागम का आयोजन किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति शनिवार को होगी।
संत समागम में उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जगद्गुरू रामानन्दाचार्य स्वामी अयोध्यार्चा महाराज द्वारा प्राचीन ऋषि मुनियों द्वारा प्रतिपादित यज्ञ की परम्परा का पालन करते हुए आयोजित किए गए कोटि होमात्मक श्री विष्णु महायज्ञ के प्रभाव से विश्व शांति और मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।
जगद्गुरू रामानन्दाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि सनातन धर्म संस्कृति और प्राचीन ऋषि परंपराओं को आगे बढ़ाना संत समाज का दायित्व है। वैदिक संस्कृति में यज्ञ का विशेष महत्व है। यज्ञ करने से देवी-देवता प्रसन्न होते हैं और यज्ञ की अग्नि से उठने वाला धुआं, जहां-जहां आवरण बनाता है, उस क्षेत्र की समस्त नकारात्मकता समाप्त हो जाती है। इससे शांति और सौहार्द का वातावरण बनता है।