शिवपुरी, 13 फरवरी (हि.स.)। शिवपुरी में सांसद केपी यादव ने तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन कराया। इस दौरान संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भजन संध्या सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेरे राम मेरा राष्ट्र नाम से भजन संध्या में शिवपुरी के माधव चौक चौराहे पर सांसद केपी यादव ने भजनों पर नाच किया। शिवपुरी में आयोजित की गई भजन संध्या में सांसद केपी यादव यहां पर धार्मिक भजनों के गीत पर नाचते नजर आए। अपने साथियों सहित सांसद केपी यादव ने भजन संगीत पर जोरदार तरीके से पूरे जोश के साथ झूमे। इस मौके पर उनके कार्यकर्ताओं में बड़ा जोश देखने को मिला।
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद-
सांसद केपी यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र में 11 से 13 फरवरी तक तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया। इस दौरान संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत प्रसिद्ध गायक अजय भाई द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शिवपुरी के माधव चौक पर आयोजित भजन संध्या में सांसद केपी यादव के साथ उनकी धर्मपत्नि अनुराधा यादव सहित शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, सांसद प्रतिनिधि हेमन्त ओझा , जिला मंत्री मुकेश चौहान , मयंक दीक्षित, कल्याण यादव(बंटी) , पार्षद वेदांश सविता, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय कुशवाह तथा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नवनीत सेन सहित मठ मंदिरों के संत-महंत, पुजारी, गणमान्य नागरिक व समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।
इस समय संसदीय क्षेत्र में गरमायी राजनीति-
इस समय गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र की राजनीतिक गरमा गई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेल महोत्सव का जवाब देने के लिए संसद केपी यादव ने तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया। इस सांस्कृति कार्यक्रम को खेल महोत्सव का जवाब माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्यसभा खेल महोत्सव का आयोजन किया था। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि ज्योतिरादित्य के खेल महोत्सव का जवाब देने के लिए केपी यादव ने यह सांस्कृतिक महोत्सव कराया है।