जहर खाकर प्रेमिका के घर पहुंचा छात्र, अस्पताल में मौत

मेरठ, 20 फरवरी (हि.स.)। मेरठ जनपद के इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोर जहर खाकर अपनी प्रेमिका के घर जा पहुंचा। लड़की के परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां पर सोमवार की देर रात किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

इंचौली थाना क्षेत्र में एक स्कूल में कक्षा 12 के छात्र और छात्रा में प्रेम-प्रसंग चल रहा था। किसी बात को लेकर किशोरी और किशोर के बीच नाराजगी चल रही थी। किशोर उसे मनाने की कोशिश कर रहा था। रविवार की रात को किशोर ने जहर खा लिया और क्षेत्र के गांव में छात्रा के घर जा पहुंचा। किशोर ने छात्रा से कहा कि उसने जहर खा लिया है और तू भी खा ले। घर के दरवाजे पर ही किशोर की हालत बिगड़ने लगी। यह देखकर छात्रा के परिजनों ने किशोर के परिवार के लोगों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद छात्रा के परिजन किशोर को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां पर उसका उपचार शुरू किया गया। जहर खाने के 24 घंटे के बाद सोमवार की देर रात लड़के की अस्पताल में मौत हो गई।

लड़की ने भी खा लिया था जहर

किशोर की मौत की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि तीन फरवरी को लड़की ने मवाना के सुभाष चौक पर किशोर को मिलने के लिए बुलाया था। किशोर के नहीं पहुंचने पर एक घंटे बाद लड़की अपने घर लौट आई। घर आकर लड़की ने जहर निगल लिया। इसका पता चलते ही परिजन लड़की को लेकर अस्पताल पहुंचे। पांच दिन के उपचार के बाद लड़की की जान बच गई थी। पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंचौली इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह के अनुसार, जहर खाने से लड़के की मौत हो गई। अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। जांच की जा रही है।