पीकेएल सीजन 10 के प्लेऑफ़ सोमवार से, खिताब की असल जंग शुरू

हैदराबाद, 24 फ़रवरी (हि.स.)। 12 सप्ताह के हाई-ऑक्टेन मुकाबलों के बाद लीग चरण की शीर्ष छह टीमें 26 फरवरी से हैदराबाद में प्रो कबड्डी लीग प्लेऑफ़ में मुक़ाबला करने के लिए तैयार हैं। इसकी शुरुआत सोमवार को जीएमसी बालयोगी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (गाचीबोवली) में दो मनोरंजक मुकाबलों के साथ होगी।

तीसरे स्थान पर रही दबंग दिल्ली के.सी. का एलिमिनेटर 1 में छठे स्थान पर मौजूद पटना पाइरेट्स से मुकाबला होगा। इसी तरह चौथे स्थान पर मौजूद गुजरात जायंट्स का एलिमिनेटर 2 में पांचवें स्थान पर मौजूद हरियाणा स्टीलर्स से मुकाबला होगा। सभी चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए खेलेंगी। सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार, 28 फरवरी 2024 को खेला जाएगा।

टेबल टॉपर पुनेरी पलटन और दूसरे स्थान पर मौजूद जयपुर पिंक पैंथर्स पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। पुणे की टीम अंतिम-चार चरण में एलिमिनेटर 1 के विजेता से भिड़ेगी, जबकि गत चैंपियन जयपुर एलिमिनेटर 2 के विजेता से भिड़ेगी। ग्रैंड फिनाले शुक्रवार, 01 मार्च 2024 को आयोजित किया जाएगा।

प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 के अब तक के सफर के बारे में लीग कमिश्नर, प्रो कबड्डी लीग अनुपम गोस्वामी ने कहा, “पीकेएल सीज़न 10 बहुत खास रहा है क्योंकि हम 4 साल के बाद हम अपने 12 फ्रेंचाइजी के घरों में से प्रत्येक के कबड्डी कैचमेंट में लौट आए हैं। साथ ही हमारे लीग-चरण मैचों के प्रसारण और ओटीटी की खपत काफ़ी प्रभावशाली ढंग से बढ़ी है। अब हमें विश्वास है कि पीकेएल सीज़न 10 प्लेऑफ़ और फिनाले प्रतिस्पर्धा की गुणवत्ता के साथ-साथ दर्शकों के जुड़ाव के लिहाज़ से नई सीमाएँ स्थापित करेगा।”

पुनेरी पलटन के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कप्तान असलम इनामदार ने कहा, “हम बहुत आत्मविश्वास के साथ प्लेऑफ़ में आए हैं। लीग में शीर्ष पर रहने के बाद, इस अभियान को समाप्त करने का एकमात्र तरीका प्रशंसकों को पीकेएल ट्रॉफी देना है। हमने लीग चरण में अपना 100% दिया और हमें उम्मीद है कि हम प्लेऑफ़ में भी ऐसा करना जारी रखेंगे।”

इस बीच, जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान सुनील कुमार को भरोसा है कि उनकी टीम अपना खिताब बचा लेगी। उन्होंने कहा,” सेमीफाइनल में कोई भी टीम हमें फाइनल में पहुंचने का कठिन मौका देगी। लेकिन साथ ही, जयपुर पिंक पैंथर्स हम पीछे नहीं हटेंगे। हम अपने खिताब की रक्षा करने और अपनी तीसरी ट्रॉफी जीतने के लिए अपना 100% देंगे।”