युवक की हत्या में शामिल दो हत्यारोपी गिरफ्तार

– 19 फरवरी को बिहार के खगड़िया जिले के निवासी युवक की हुई थी हत्या

मीरजापुर, 24 फरवरी (हि.स.)। विंध्याचल पुलिस ने युवक की हत्या में नामजद दो आरोपितों को शनिवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय कामापुर के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस, मोटरसाइकिल व मृतक के कपड़े, मोबाइल व बेल्ट बरामद किया।

पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हत्यारोपितों को प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विंध्याचल थाने पर पर पंजीकृत अभियोग की विवेचना के क्रम में इलेक्ट्रानिक व भौतिक साक्ष्य संकलित करते हुए उप निरीक्षक विंध्याचल दयाशंकर ओझा ने प्राथमिक विद्यालय कामापुर के पास से आज सुबह हत्यारोपित रविशंकर पाल पुत्र राजेन्द्र प्रसाद पाल व धर्मेन्द्र बिंद पुत्र रामपति बिंद निवासी चतुरिया को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद बांस का टुकड़ा, मोटरसाइकिल, मृतक का कपड़ा, बेल्ट व टूटा हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया। मोटरसाइकिल को सीज कर विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेजा गया।

बता दें कि अजीत कुमार पुत्र मणीशंकर शर्मा निवासी बछौटा थाना मुरकाही जनपद खगड़िया बिहार ने 19 फरवरी को विंध्याचल थाने पर अपने भाई अमित कुमार (30) की हत्या कर शव छिपाने के सम्बंध में दो नामजद लोगों के विरुद्ध तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच कर मामले में दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।