ब्रेकर से टकराई बाइक, चाची की मौत, मां-पुत्र घायल

मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव के पास शनिवार को हाइवे पर ब्रेकर से टकराकर असंतुलित मोटरसाइकिल पलट गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार मां और पुत्र घायल हो गए जबकि चाची की मौत हो गई।

चुनार थाना क्षेत्र के कठेरवा गांव निवासी चंदन (30) रिश्तेदार की मौत पर अपनी मां पार्वती देवी (55) व चाची राधिका देवी (50) को मोटरसाइकिल से पड़री थाना क्षेत्र के सूर्यवार गांव जा रहा था। कपसौर गांव के पास फोरलेन हाइवे पर बने ब्रेकर से टकराकर मोटरसाइकिल असंतुलित होकर पलट गई और तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को पीएचसी पड़री भेजा, जहां चिकित्सक ने राधिका देवी को मृत घोषित कर दिया और चंदन एवं पार्वती का प्राथमिक उपचार किया।

थानाध्यक्ष पडरी विजय शंकर पटेल ने बताया कि मृतक के परिजन की ओर से अगर कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई कराई जाएगी।