अनूपपुर, 8 मार्च (हि.स.)। जिले के जैतहरी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगवां में शौचालय निर्माण के कार्य में सरपंच तथा सचिव द्वारा 14 लाख रुपये के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस मामले पर जनपद पंचायत जैतहरी के सीईओ की शिकायत पर शुक्रवार को चचाई थाने में तत्कालीन सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध इस पर अपराध दर्ज किया गया है।
यह है मामला
जैतहरी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगवा में स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत एवं व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण कार्य में बिना शौचालय का निर्माण कराए 14 लाख 38 हजार रुपये की राशि का आहरण ग्राम पंचायत सरपंच रूनिया बाई एवं सचिव रावेंद्र सिंह के द्वारा किया जाना पाया गया था। जिसकी जांच के पश्चात शासन की राशि का आहरण कर दुरुपयोग किया जाना पाया गया। ग्राम पंचायत में कुल 1130 शौचालय का निर्माण पंचायत के द्वारा कराते हुए इसकी राशि आहरित की गई थी। जहां भौतिक सत्यापन में कुल 1016 शौचालय पाए गए जिसमें 237 शौचालय अपूर्ण स्थिति में थे। जांच के पश्चात 14 लाख 38 हजार की वसूली के आदेश जारी किए गए थे एवं सरपंच को पदच्युत किया गया तथा सचिव रविंद्र सिंह को पद से पृथक किया गया था। इसके पश्चात सरपंच एवं सचिव के द्वारा न्यायालय की शरण ली गई और इस आदेश पर न्यायालय ने स्टे जारी कर दिया था, इसके पश्चात मुख्य कार्यपालन अधिकारी जैतहरी वीरेंद्र मणि मिश्रा के द्वारा इस मामले में चचाई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई जिस पर अपराध दर्ज किया गया है।
विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
सीईओ जनपद पंचायत जैतहरी वीरेंद्र मणि मिश्रा की शिकायत पर ग्राम पंचायत बरगवां की तत्कालीन सरपंच रुनिया बाई, तथा ग्राम पंचायत बरगवां के तत्कालीन सचिव एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत छातापटपर सचिव रावेंद्र सिंह पर धारा 419,420,34 का अपराध दर्ज किया गया है।