नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लागू करने से रोकने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि धर्म के आधार पर अप्रवासियों को नागरिकता देने का कानून धर्मनिरपेक्षता के मौलिक सिद्धांत का उल्लंघन है।
याचिका में कहा गया है कि सीएए के जरिये पहली बार देश में धर्म के आधार पर अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के अवैध अप्रवासियों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान किया गया है। धर्म के आधार पर नागरिकता देना संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 का उल्लंघन है।
उल्लेखनीय है कि सीएए को लागू करने के खिलाफ इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी याचिका दायर कर नोटिफिकेशन के कार्यान्वयन पर रोक लगाने की मांग की है। केंद्र सरकार ने 11 मार्च को सीएए का नोटिफिकेशन जारी किया। इसी नोटिफिकेशन को आईयूएमएल ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।