राजगढ़,12 मार्च (हि.स.)। मलावर थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सेकनपुर मंदिर से भगवान की तीन मूर्ति व दानराशि चोरी के मामले में अपचारी बालक सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित चोरी का माल जब्त किया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। थानाप्रभारी राहुल रघुवंशी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 23 फरवरी को ग्राम सेकनपुर मंदिर पुजारी ने शिकायत दर्ज की, बीती रात अज्ञात बदमाश मंदिर से भगवान की तीन मूर्ति व दानराशि चोरी कर ले गए, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत प्रकरण दर्ज कर पड़ताल शुरु की।
विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीव्ही.केमरों की मदद से आरोपित संतोष पुत्र गणेशराम जाटव, नीरज पुत्र जमुनाप्रसाद वंशकार निवासी कढ़ाईयाखो थाना बैरसिया, अरुण पुत्र रघुवीर वंशकार निवासी रुनाहा सहित एक अन्य अपचारी बालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 50 हजार रुपए कीमती बाइक व अन्य मशरुका बरामद किया। पूछताछ पर आरोपितों ने संबासी मंदिर व जिले के अन्य मंदिरों से चोरी करना स्वीकार किया है।पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा।