होली की रंगपंचमी हुई रंगों से सरोबार, उत्साह और उमंग के साथ निकाली समरसता गैर

मन्दसौर, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय संस्कृति के बड़े त्यौहार में शुमार होली पर इस बार लोकसभा चुनाव की आचार संहिता है लेकिन अच्छी बात यह है कि धार्मिक परंपराओं पर इसका कोई असर देखने को नहीं मिला। धुलेंडी के बाद रंगपंचमी भी मंदसौर में हर साल की तरह इस वर्ष भी हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाई गई।

समरसता मंच के तत्वावधान में शनिवार को समरसता महागैर का आयोजन किया गया। महागैर श्री बड़े बालाजी मंदिर बस स्टेण्ड पर महाआरती कर प्रात: 10.30 पर प्रारंभ हुई। समिति द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार गैर में फाग गीत ही बजाए गयें जिस पर युवा खूब थिरकें। जनता गैर में पुराने जमाने के परंपरागत संसाधनों के अलावा पलाश एवं कनेर के फूलों से बने रंग और गुलाल इत्र समाज प्रमुखों ने एक दूसरे को लगाया गया महागैर में एक विशेष मशीन से क्विंटलों गुलाल उड़ाई गई।

हर वर्ष की तरह इस बार भी नगरपालिका का फायर फाइटर रंगों की बौछार करता हुआ नजर आया। इसमें डालने वाला हर्बल कलर भी समिति द्वारा विशेष रूप से मंगवाया गया था। पंचमी के अवसर पर अन्य समाजों द्वारा निकलने वाली गैर भी इस समरसता गैर में सम्मिलित हुई।

विभिन्न स्थानों पर हुआ महागैर का स्वागत

थोक एवं फुटकर किराना व्यापारी संघ, ओसवाल लोढे साथ जैन समाज, मंदसौर पंच कचेलिया राठौर तेली समाज, श्री द्विमुखी चिंताहरण गणपति मंदिर प्रबंध समिति के साथ-साथ नगर की कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी जगह-जगह जनता गैर का स्वागत एवं स्वल्पाहार कराया गया।

पुख्ता रहे सुरक्षा के इंतजाम

पंचमी के अवसर पर समिति और पुलिस प्रषासन दोनों के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हुए थे। पूरे मार्ग पर गैर की सुरक्षा हेतु बनाई गई समिति पदाधिकारियों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक सतनामसिंह, कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर ने संभाल रखी थी।

कलेक्टर ने अपना घर की बालिकाओं के साथ होली मनाई

रंग पंचमी के अवसर मंदसौर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सह-परिवार कलेक्टर निवास पर अपना घर (अनाश्रित बालिका गृह) की बालिकाओं के साथ होली मनाई। होली की शुभकामनाओं के साथ गिफ्ट भी दिया गया । इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।