चेन्नइयन एफसी का इरादा मोहन बागान सुपर जायंट के विजय अभियान को रोकना

कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। मोहन बागान सुपर जायंट (एमबीएसजी) की टीम रविवार को यहां अपने घरेलू मैदान साल्ट लेक स्टेडियम में खेले जाने वाले इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2023-24 मुकाबले में चेन्नइयन एफसी से भिड़ेंगे।

एंटोनियो लोपेज हाबास द्वारा साल की शुरुआत में हेड कोच पद संभालने के बाद से मैरिनर्स आईएसएल में अपराजित चल रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले पांच मैचों में चार जीते हैं और 18 मैचों में उनके 39 अंक हैं। वे लीग लीडर मुम्बई सिटी एफसी (41) से दो अंक पीछे हैं और उन्होंने आइलैंडर्स (19) से एक मैच कम खेला है।

इस सीजन में चेन्नइयन एफसी का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। हालांकि मरीना मचान्स ने प्रतिभा की झलक दिखाई है, लेकिन बीच-बीच में लड़खड़ाहट भी देखने को मिली है, जिस कारण वे प्लेऑफ स्थानों के लिए पूरी ताकत से चुनौती नहीं दे पाए। मरीना मचान्स अपने पिछले पांच मैचों में तीन बार हार चुकी हैं। उनके 18 मैचों से 18 अंक हैं।

मोहन बागान सुपर जायंट के सहायक कोच मैनुअल पेरेज ने शनिवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम कल देखेंगे कि ब्रेक से हमारी फॉर्म पर क्या असर पड़ा है। अपने देश के लिए खेलने से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। हमारे पास पूरी टीम के साथ दो ट्रेनिंग सत्र थे और हम कल तीन अंकों के लिए लड़ेंगे।”

चेन्नइयन एफसी के मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अगर हम हैदराबाद एफसी को पिछले मैच में हरा देते, जैसे कि हमने ओडिशा एफसी पर उस समय जीत हासिल की थी, जब वो टेबल टॉपर थे, तो हम अभी अतिरिक्त मैच के साथ छठे स्थान पर रहते। अगर ऐसा हो जाता तो हम प्लेऑफ में जगह बनाने के प्रबल दावेदार होते, लेकिन फुटबॉल में यही अंतर पैदा करता है।”

बता दें कि दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं, जिसमें मोहन बागान ने 3 और चेन्नइयन एफसी ने 1 में जीत दर्ज की है, जबकि 3 मैच ड्रा रहे हैं।