विवाहिता की जलकर मौत, हत्या का आरोप

फिरोजाबाद, 30 मार्च (हि.स.)। सिरसागंज थाना क्षेत्रांतर्गत शनिवार को एक विवाहिता का जला हुआ शव मिला है। मृतका के मायका पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला मान सिंह से शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक घर के अंदर विवाहिता का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतका की पहचान संगीता (22) पत्नी योगेंद्र यादव के रूप में हुई। कमरे के कोने में महिला का जला हुआ शव पड़ा हुआ था। ससुरालीजन मौके से फरार थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

सूचना पाकर थाना नसीरपुर के शहजादपुर निवासी मृतका के मायका पक्ष के लोग भी आ गए। जिन्होंने हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया। संगीता की एक साल पहले शादी हुई थी। सीओ सिरसागंज अरुण कुमार चौरसिया व इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने घटना की जानकारी ली।

सीओ ने बताया कि महिला का जला हुआ शव मिला है। ससुरालीजन मौके से फरार हो गए हैं। फाॅरेंसिकटीम जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।