नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना चेन्नई पहुंच गए हैं और जल्द ही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम में शामिल होंगे। पथिराना के प्रबंधक अमिला कलुगालेगे ने इसकी पुष्टि की है।
पथिराना को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे टी20ई के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई और उन्हें सीएसके के लिए शुरुआती आईपीएल 2024 मैच से चूकना पड़ा। शुक्रवार को आईपीएल 2024 के इस पहले मुकाबले में सीएसके ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से शिकस्त दी थी।
पथिराना के प्रबंधक अमिला कलुगालेगे ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पथिराना की एक तस्वीर साझा की, जिससे पुष्टि हुई कि स्टार पेसर चेन्नई पहुंच गए हैं, और जल्द ही सीएसके टीम में शामिल हो जाएंगे।
कलुगालेगे ने एक्स पर लिखा, “वनक्कम चेन्नई, वह (मथीशा पथिराना) अभी-अभी चेन्नई पहुंचा है।”
पथिराना पिछले आईपीएल सीज़न में 12 मैचों में 8.90 की प्रभावशाली इकॉनमी के साथ 19 विकेट लेकर फ्रेंचाइजी के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। हालाँकि, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की ओर से अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है। यदि एसएलसी द्वारा मंजूरी दी जाती है, तो पथिराना आईपीएल 2024 में सीएसके के आगामी खेलों में शामिल हो सकते हैं।
चेन्नई ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान (29 रन देकर 4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ अपना पहला मैच छह विकेट से जीता। हालांकि पथिराना की वापसी से डेथ ओवरों में चेन्नई के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।