हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब घेराव की योजना बना कुछ बलवाइयों ने पुलिस लाइन में घुसने की कोशिश की, जिस पर वहां मौजूद पुलिस बल ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ा। ये मंजर देख हर कोई हैरान था कि अचानक ये बलवाई कहां से आ गए। हालांकि ये सब कार्रवाई पुलिस की ओर से किए गए मॉक ड्रिल का हिस्सा थी।
लोकसभा चुनाव व होली पर्व को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने दंगाइयों से निपटने के लिए पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल की। पुलिस के आलाधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को परखा गया। हरिद्वार पुलिस द्वारा किया गया ये मॉक ड्रिल दंगाइयों को एक कड़ा संदेश भी है कि यदि किसी तरह की अराजकता फैलाई तो पुलिस जहां जनता की सेवा में खड़ी है वहीं दंगाइयों के लिए शूल भी है।
आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सोमवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य चुनावों में बलवाइयों से निपटने व उनको तितर-बितर कर राजकीय संपत्ति व जनमाल की रक्षा करना था।