–मंगलवार की परीक्षा में 66,700 परीक्षार्थी अनुपस्थित
–दो परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गये
प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल चित्रकला एवं रंजन कला विषय परीक्षा में बुधवार को 25 लाख से अधिक परीक्षार्थी बैठने जा रहे हैं। प्रदेश के सभी 8266 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। दोनों पाली की परीक्षा में कुल 28,06,642 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। मंगलवार को हाईस्कूल एवं इंटर में 66,700 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दो परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए हैं। गोंडा में एक परीक्षार्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
सचिव दिब्यकांत शुक्ला ने बताया कि यूपी बोर्ड ने 6 फरवरी की परीक्षा के लिए भी व्यापक तैयारी की है। प्रथम पाली में हाईस्कूल चित्रकला, रंजन कला विषय एवं इंटर की काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई शिल्प व व्यावासिक वर्ग की परीक्षा है। प्रथम पाली में हाईस्कूल परीक्षा 8266 केंद्रों पर होगी। इंटर की 1367 केंद्रों पर होगी। हाईस्कूल में 25,17,778 एवं इंटर में 34,948 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
द्वितीय पाली हाईस्कूल में आईटी विषय की परीक्षा छह केंद्रों पर होगी। इसमें मात्र 9 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इसी प्रकार इंटर में इतिहास एवं कृषि वर्ग के विषयों की परीक्षा होगी। इसके लिए कुल 6676 केंद्र बनाए गए हैं। इंटर में 2,53,907 परीक्षार्थी हैं। हाईस्कूल में 47,447 एवं इंटर में 19,253 गैरहाजिर रहे।