मप्रः खजुराहो लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने मनोज यादव को बनाया उम्मीदवार

भोपाल, 30 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को मध्य प्रदेश की खजुराहो संसदीय सीट पर अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। खजुराहो से सपा ने डॉ. मनोज यादव को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा सांसद वीडी शर्मा से होगा।

गौरतलब है कि खजुराहो सीट पर कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन है। कांग्रेस प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी है। डॉ. मनोज यादव समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। वे मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और अभी राजधानी भोपाल में रहते हैं। उन्होंने 2014 लोकसभा का चुनाव विदिशा से समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़ा था, जबकि 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बिजावर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन बाद में रेखा यादव को टिकट दिया। हालांकि बाद में रेखा यादव ने भी चुनाव नहीं लड़ा।