लोकमित्र संस्था ने ड्रॉपआउट बच्चों की सप्लीमेंट्री लर्निंग

हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के तहत लोकमित्र संस्था ने ड्रॉपआउट बच्चों के लिए चलाये जा रहे सप्लीमेंट्री लर्निंग सेंटर पर ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नम्बर 1 सलेमपुर में हुए इस कार्यक्रम में सात विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक एवं अभिभावक व बच्चे शामिल हुए।

लोकमित्र समन्वयक ज़ाफरी ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया और अप्रैल माह में बच्चों के स्कूल नामांकन कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अभिभावकों, शिक्षकों से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने लोकमित्र संस्था और मिशन सुनहरा कल को धन्यवाद देते हुए कहा कि शहर में शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दे पर लोकमित्र संस्था द्वारा इतना अच्छा काम हो रहा है। किसी को शिक्षित करना भी एक इबादत, पूजा व पुण्य का काम है। उन्होंने कहा इस कार्यक्रम में आप को जब भी सहयोग की जरूरत हो हम हाजिर हैं, क्योंकि हम दिल से चाहते हैं कि हमारा आस पड़ोस व समाज शिक्षित व जागरूक हो।

राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश द्विवेदी ने कहा कि आज कार्यक्रम में जिस तरह बच्चों ने उत्साह के साथ सफल प्रयास किया हैं, उससे लगता है कि वो दिन दूर नही जब शहर में ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या शून्य हो जाएगी। कार्यक्रम में शैक्षिक प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में लोकमित्र संस्था से ज़ाफरी कलावती ,शालू रानी, इंशा , सानिया , यासमीन , साबिया और प्रा. वि. सलेमपुर के सभी स्टाफ आदि उपस्थित रहे।