उत्तराखंड क्रांति दल का नया चुनाव निशान आइसक्रीम होगा : मोहन सिंह असवाल

ऋषिकेश, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल चुनाव आयोग द्वारा उनके पुराने चुनाव निशान को फ्रीज किए जाने के बाद आइसक्रीम के चुनाव निशान के साथ जनता के बीच जाएगा। यह जानकारी उत्तराखंड क्रांति दल के हरिद्वार लोकसभा सीट के उम्मीदवार मोहन सिंह असवाल ने रविवार को ऋषिकेश प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा पिछले चुनाव के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल को मत प्रतिशत कम मिलने के कारण उनका पुराना चुनाव निशान फ्रीज कर दिया गया है, इसलिए हरिद्वार लोकसभा सीट पर दल आइसक्रीम के चुनाव निशान पर जनता के बीच चुनाव मैदान में होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ही एक ऐसा क्षेत्रीय दल है जिसने संघर्ष कर उत्तराखंड राज्य को बनाए जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन दल को जनता से जो अपेक्षाएं थीं वह पूरी नहीं हो पाई हैं। इसके पीछे हमारे दल के नेताओं की भी कमी रही है, परंतु उन्हें अब अपेक्षा है कि लोकसभा चुनाव में जनता उन्हें अपना भरपूर समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल जनता के बीच भू कानून को लागू किए जाने, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल जंगल जमीन, फैक्टरी में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्हें घर से फैक्टरी तक ले जाए जाने, तीर्थ स्थलों को नशा मुक्त किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।