छतरपुर, 4 अप्रैल (हि.स.)। विगत फरवरी माह में जिला प्रशासन द्वारा कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित राठौर ट्रेडर्स नामक फर्म पर छापामार कार्यवाही करते हुए यहां बनाए जा रहे मसालों के सैंपल लिए थे। उक्त सैंपल को जांच के लिए भोपाल भेजा गया था, जहां से मसालों में मिलावट होने की पुष्टि की गई। सैंपल फेल होने के बाद गुरूवार को छतरपुर एसडीएम अखिल राठौर की मौजूदगी में फर्म के अंदर रखे मसालों को नष्ट करवाया गया। एसडीएम के अनुसार फर्म संचालक पर एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
एसडीएम अखिल राठौर ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर बाईपास मार्ग पर मोतीलाल साहू नामक व्यापारी द्वारा पिछले करीब दो वर्षों से राठौर ट्रेडर्स नाम से मसाला फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। प्रशासन को सूचना मिली थी कि उक्त फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे उत्पादों में मिलावट की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर कलेक्टर के निर्देशन में 16 फरवरी 2024 को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्री पर छापामार कार्यवाही की थी।
फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे मसालों के जांच के दौरान सैंपल लिए गए थे, जिन्हें जांच के लिए भोपाल भेजा गया था। साथ ही फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया गया था। भोपाल में सैंपल की जांच किए जाने पर यह पाया गया कि मसालों में मिलावट की गई है। सैंपल फेल होने के बाद गुरूवार को फैक्ट्री में रखे मसालों को नष्ट कराया गया है। एसडीएम श्री राठौर ने बताया कि फैक्ट्री संचालक द्वारा किए गए कृत्य के लिए जेल और जुर्माना का प्रावधान है। संचालक पर विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।