अवैध असलहे की फैक्ट्री की भंडाफोड़, भारी मात्रा में असलहे बरामद

-पिस्टल, देशी बन्दूकें व कारतूसों के अलावा असलहे बनाने के उपकरण भी बरामद

हमीरपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। हमीरपुर जिले में जंगल में संचालित अवैध आर्म्स की फैक्ट्री में पुलिस ने छापेमारी कर पिस्टल समेत दर्जनों असलहे बरामद किए हैं। भारी मात्रा में बने,अधबने असलहे और आर्म्स बनाने के उपकरण देख पुलिस भी दंग रह गई। मौके से असलहे बनाते एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है।

हमीरपुर जिले में लोकसभा के चुनाव पांचवें चरण में बीस मई को होने है जिसे लेकर यहां पुलिस और प्रशासन तैयारियों में जुटा है। चुनाव को लेकर पुलिस भी अलर्ट पर है। इसीलिए पुलिस ने अपने मुखबिरों को भी लगाया है। जिले के सिसोलर थाना क्षेत्र के भुलसी गांव में जंगल में नदी किनारे खेतों में काफी समय से अवैध असलहे की फैक्ट्री संचालित होने की खबर पाते ही एसओजी टीम व सिसोलर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर अवैध असलहे की फैक्ट्री चलाते एक एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

एसपी डाॅ. दीक्षा शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि महोबा निवासी नंदराम पुत्र राजाराम को सिसोलर थाना क्षेत्र के भुलसी गांव के बाहर नदी किनारे जंगल में अवैध असलहा की फैक्ट्री चलाते पकड़ा गया है। इसके पास से भारी मात्रा में बने और अधबने असलहे के अलावा असलहे बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में कुछ लोगों का नाम लिया है, जिनसे वह असलहे बनाने का सामान लेता था। ये अपराधी अवैध असलहे बनाकर मध्यप्रदेश और आसपास के तमाम जिलों में अच्छे दामों में बेचता है। इसके खिलाफ महोबा में पांच और हमीरपुर में एक मामला दर्ज है। ये कई बार अवैध असलहे बनाने में जेल भी जा चुका है।

भारी मात्रा में बने, अधबने असलहे के अलावा देशी बन्दूकें बरामद

एसपी ने बताया कि एसओजी और थाना पुलिस की टीम की छापेमारी में अवैध असलहे की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 13 अवैध असलहे तीन सौ पन्द्रह बोर, 13 अधबने असलहे तीन सौ पन्द्रह बोर, चार तमंचा देशी बारह बोर, दो देशी बन्दूक बारह बोर, एक असलहा बत्तीस बोर, एक पिस्टल समेत 34 बने और अधबने असलहे बरामद किए गए है। भारी मात्रा में कारतूस और खोखा के साथ असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। अवैध असलहा की फैक्ट्री चलाते गिरफ्तार नंदराम के खिलाफ महोबा पुलिस ने वर्ष 2022 में गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की थी।