निर्माणाधीन सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में मिला युवक का शव

बदायूं, 22 मई (हि.स.)। उसहैत कटरा रोड स्थित निर्माणाधीन सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में बुधवार को एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घर वालों ने बताया कि युवक पांच दिन पहले नाराज होकर घर से चला गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उसहैत थाना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कस्बा उसहैत के वार्ड नम्बर एक के रहने वाले अजय चंद्र शाक्य पांच दिन पहले घर छोड़कर कहीं चला गया था। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार को उसहैत कटरा रोड स्थित निर्माणाधीन सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में अजय का शव लटका मिला। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों में रोना-पीटना मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फांसी के फंदे पर लटका शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। वहीं, भाई ने पुलिस को बताया कि शराब के नशे में घर आने पर अजय का माता-पिता से कहासुनी हुई थी। इससे नाराज होकर बैग लेकर अजय घर से निकल गया था। घरवालों को लगा कि अजय नौकरी करने गया होगा, लेकिन वो वहां पर भी नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन की लेकिन उसका कही कोई पता नहीं चल सका। अजय शराब का आदी था, जिसकी वजह से आए दिन घर पर झगड़ा होता था।

फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य निकाल कर आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।