रुद्रप्रयाग, 31 मई (हि.स.)। केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराने को लेकर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में यात्रा मार्ग में किए अतिक्रमण को जिला प्रशासन ने हटवाया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ धाम की यात्रा में यातायात एक चुनौती है और यातायात व्यवस्था को निर्बाधित ढंग से संचालित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं यात्रा मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा हटाया जा रहा है। इससे यातायात निर्बाधित ढंग से संचालित होता रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में किसी तरह की कोई अप्रिय घटना घटित न होने पाए। उन्होंने बताया कि सोनप्रयाग शटल पार्किंग पुल के समीप भंडारे का संचालन हो रहा था, मगर भंडारे संचालक द्वारा नियमों एवं शर्तों का पालन न करने के कारण भंडारे को पुलिस प्रशासन के सहयोग से उक्त स्थल से हटवा दिया गया है। इस दौरान सेक्टर अधिकारी सोनप्रयाग सहित सुरक्षाकर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।