सुनील सेठी भी हुए मेयर पद की दौड़ में शामिल, मांगा टिकट

हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी उन पर विश्वास जताते हुए हरिद्वार नगर निगम चुनाव में मेयर पद के उम्मीदवार के रूप में उतरने का मौका देती है तो वे निश्चित ही नगर निगम के मेयर सीट को बड़े अंतर से भाजपा की झोली में डालने का काम करेंगे।

सेठी ने बीते दिनों उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर उन्हें अवगत करवाया कि चुनाव से पहले सिर्फ छह महीने नहीं, बल्कि पूरे पांच वर्ष जनता के हर विषय पर हर समस्या पर जनहित में धरातल पर कार्य किया जाता है। जनता की कोई भी मूलभूत समस्या हो उसके निवारण के लिए प्रयास किया जाता है। उन्होंने लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को जाना है। पिछले पांच वर्ष कांग्रेस के कार्यकाल में जनता को नगर निगम से जो सुविधाएं मिलनी चाहिए थी, वह जनता को नहीं मिली। इसके लिए हम प्रयासरत हैं कि आगामी कार्यकाल में जनता को विशेष सुविधाएं दिलायी जायें। जिस प्रकार देश में मोदी जी नए युवा चेहरों पर विश्वास जताकर मौका दे रहे हैं, विश्वास है कि पार्टी मुझे मौका देगी।