नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड हाई कोर्ट की ओर से उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करने के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। चीफ जस्टिस ने कहा कि इस मामले की सुनवाई जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली बेंच कर रही है। आप धैर्य रखें, इस मामले पर सुनवाई होगी। आप मेल कीजिए, हम देखेंगे।
आज सोरेन की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच से कहा कि सुप्रीम कोर्ट आने के बाद झारखंड हाई कोर्ट ने फैसला सुना दिया है और अब हम हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे रहे हैं। सिब्बल ने कहा कि 13 मई को चुनाव होने हैं और उनको चुनाव के लिए जमानत मिलनी चाहिए। उनका एक मामला कल यानि 7 मई को सुनवाई के लिए आ रहा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
फिलहाल सोरेन न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने 31 जनवरी को हेमंत सोरेन से पूछताछ के बाद भूमि घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया था।