मेरठ में आंगन में सो रहे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत

मेरठ, 20 मई (हि.स.)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में सोमवार को घर के आंगन में सोए बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए घर से नकदी और बुजुर्ग की सोने की अंगूठी गायब होने काी बात कही है।

लोहियानगर थाना क्षेत्र की कांशीराम कालोनी में रामनिवास गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते थे। घर के बाहर ही रामनिवास की परचून की दुकान है। वह प्रतिदिन घर के आंगन में सोते थे और अपनी दुकान की रखवाली भी करते थे। रविवार की रात भी वह अपने घर के बाहर सोए थे। सोमवार की सुबह जब उनकी पत्नी चाय देने के लिए रामनिवास के पास गई तो आवाज देने के बाद भी वे कुछ नहीं बोले। इस पर पत्नी ने शोर मचाया तो परिजन और पड़ोसी इकट्ठा हो गए। लोगों ने पड़ताल की तो रामनिवास की मौत की पुष्टि हुई।

परिजनों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। रामनिवास के पांच बच्चे हैं। इनमें तीन बेटियां और दो बेटे हें। दोनों बेटे भी अपने परिवार के साथ रामनिवास के साथ रहते हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामनिवास की अंगुली से सोने की अंगूठी और दुकान से 22 हजार रुपये गायब मिले। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच तेज कर दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, सीसीटीवी के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।