वंचित छात्रों को स्कूल किट का वितरण

हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स इंडिया (आईसीएआई) हरिद्वार शाखा की ओर से सीए सप्ताह समारोह के उपलक्ष्य में गुरुवार को तीसरे दिन चंडीघाट और बैरागी कैंप में वंचित छात्रों को स्कूल किट वितरण किया गया।

शाखा के अध्यक्ष सीए गिरीश मोहन ने कहा कि हमारा उद्देश्य उन छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करना है, जो संसाधनों की कमी के कारण पिछड़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा का अधिकार प्राप्त कर सके और उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर हो सके।

इस पहल के तहत, छात्रों को स्कूल बैग, पुस्तकें, नोटबुक, पेंसिल, पेन, और अन्य शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। यह कदम छात्रों को न केवल शैक्षिक समर्थन प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास भी देगा कि वे भी शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।