मंदसौर, 6 जून (हि.स.)। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के कचनारा चैकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गुरुवार को आइशर ट्रक से 12 क्विंटल लाल चंदन की लड़कियां बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनका एक साथी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। कचनारा चैकी प्रभारी पूर्णिमा सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चैकी क्षेत्र के महू-नीमच हाईवे पर वाहन चैकिंग के दौरान संदिग्ध आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 09 जीएएच 9201 को रोककर तलाशी ली गई, इसमें ट्रक में भरे प्लास्टिक के कैरेट के नीचे छुपाकर रखी गई लाल चन्दन की 41 लकडियां बरामद की गई।
तौल करने करने पर लकड़ियों का वजन 12 क्विंटल पाया गया। बरामद लकड़ियों की कीमत 60 लाख रुपए आंकी जा रही है। मामले में पुलिस ने मौके से अनवर पिता गुल मोहम्मद पठान (51) और दाऊद पिता अनवर पठान (28) निवासी निम्बोद थाना भावगढ़ को गिरफ्तार किया है। वहीं इनका साथी इमरान निवासी दलौदा फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ चंदन तस्करी व चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।