ग्राम्य विकास मंत्री ने पुरुकुल-किमाड़ी मोटर मार्ग का किया निरीक्षण

देहरादून, 06 जून (हि.स.)। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को देहरादून के पुरुकुल-किमाड़ी मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना। ग्रामीणों की कई शिकायतों के बाद मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिए।

ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि हमें केन्द्र से विशेष सहयोग प्रदान हुआ है। हमें पिछले दो वर्षों में 112 सड़कों के लिए लगभग दो हजार करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध हुई है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क कटान के दौरान जहां पर सुरक्षात्मक कार्य एवं तारजाल लगाना आवश्यक हो, ऐसे स्थान पर आवश्यक रूप से सुरक्षात्मक कार्य एवं तारजाल लगाया जाए। उन्होंने कहा कि खेतों में मिट्टी न डालें और सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। मंत्री ने बताया कि लगभग 14 करोड़ की लागत से मोटर मार्ग एवं 2.85 करोड़ की लागत से पुल बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक पुण्डीर, पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता अरुण नेगी, ईई हिमांशु श्रीवास्तव, मदन सिंह, अन्नू पुंडीर, सोबन सिंह, भरत सिंह पुंडीर, ग्राम प्रधान राधेश्याम जुयाल, महेंद्र पुंडीर, जयराम सिंह, संदीप पुंडीर, नीरज पुंडीर, योगेश बिष्ट आदि उपस्थित थे।