उत्तरी हरिद्वार के स्ट्रीट वेंडर्स को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जाए : संजय चोपड़ा

हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अगुआई में गुरुवार को एक बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से लघु व्यापारियों के लिए प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पथ विक्रेता संरक्षण विनियमन व उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के अनुसार उत्तरी हरिद्वार में वेंडिंग जोन स्थापित किए जाने की मांग को दोहराया गया।

बैठक में भीमगोडा, काली मंदिर, कांगड़ा घाट, पंतदीप पार्किंग, खड़खड़ी, भूपतवाला सप्तऋषि, लाल माता मंदिर, हरकी पौड़ी इत्यादि क्षेत्रों में रेहड़ी पटरी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करने वाले स्थानीय लघु व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किए जाने की मांग की गई। संजय चोपड़ा ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम प्रशासन की लापरवाही की वजह से लघु व्यापारियों को सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है जबकि नगर निगम प्रशासन द्वारा उत्तरी हरिद्वार के 8 स्थलों को वेंडिंग जोन के रूप चिन्हित किया जा चुका है।

चोपड़ा ने कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन द्वारा शीघ्र ही फेरी समिति की बैठक आयोजित कर रेहड़ी पटरी के लघु व्यापारियों की समस्या का निदान नहीं किया गया तो शीघ्र ही नगर निगम का घेराव कर अपनी न्याय संगत मांगों को दोहराया जाएगा।