देहरादून, 07 जून (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खडूड़ी भूषण ने निंबूचौड़ स्थित अपने आवास पर कोटद्वार विधासभा के विकास कार्य को लेकर व मानसून सीजन से पहले सभी विभागीय अधिकारियों को तैयारी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागों की बैठक बुलाकर, हर विभाग को उनकी नैतिक जिम्मेदारी देकर उन पर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। इन विभागों में वन विभाग को जंगलों में लग रही आग व बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए निर्देशित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने पेयजल की समस्या को दुरुस्त करने के लिए पेयजल विभाग को ग्राउंड जीरो पर कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जहां भी ट्यूबवेल की मोटर खराब हो रही है उसे जल्द से जल्द सही किया जाए ताकि लोगों को पानी की समस्या ना झेलनी पड़े।
विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम कोटद्वार को शहर में सफाई व मार्ग पर घूम रहे आवारा पशु के लिए गौशाला सुचारू रूप से चलाए जाने को कहा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को कोटद्वार चिल्लरखाल मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द बनने के लिए कहा व भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उचित जगह पर ह्यूम पाइप, नालियां बनाने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली कटौती पर ध्यान देने के लिए कहा और जहां हाईटेंशन लाइन जो घरों को छू रही है उन्हें उचित दूरी पर करने के लिए कहा। सिंचाई विभाग को चैनलाइज, सुरक्षा दिवस व कृषि के लिए नहरों के काम में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडाउन, नगर आयुक्त कोटद्वार, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।