पीसी महालनोबिस को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। हरिद्वार स्थित एसएमजेएन (पीजी) काॅलेज में राष्ट्रीय सांख्यिकीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सांख्यिकी वेत्ता पी.सी. महालनोबिस को श्रद्धाजंलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि सांख्यिकी दिवस 2024 का विषय ‘निर्णय लेने के लिए डेटा का उपयोग’ है। आंकड़ों का प्रयोग सकारात्मक तथा नकारात्मक दोनों परिणामो के लिए किया जा सकता है। ऐसे में डेटा रूपी शस्त्र को सकारात्मकता के साथ केवल मानवकल्याण के लिए ही प्रयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सांख्यिकी प्रणाली एवं आर्थिक योजना निर्माण के क्षेत्रों में प्रोफेसर पी.सी. महालनोबिस ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। महालनोबिस ने भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई) की स्थापना के लिए बड़े पैमाने पर नमूना सर्वेक्षण की योजना में भी अपना अतुल्य योगदान दिया।

समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डाॅ. जगदीश चन्द्र आर्य व रुचिता सक्सेना ने कहा कि आंकड़े गुणात्मक व मात्रात्मक दो प्रकार के होते हैं। किसी भी देश की योजनाओं को बिना आकड़ों के नहीं बताया जा सकता है।