देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विगत एक दशक से ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दो’ अभियान चला रहे इंजी. ललित शौर्य की पुस्तक “स्वच्छता के सिपाही” के द्वितीय संस्करण का विमोचन किया। गुरुवार को यमुना कॉलोनी स्थित विधानसभा अध्यक्ष के शासकीय आवास पर हिमालयन हेरीटेज सोसायटी के तत्वावधान में पुस्तक विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुस्तक के लेखक इंजी. ललित शौर्य की यह 13वीं पुस्तक है। इससे पूर्व वह बच्चों के लिए 12 पुस्तकें लिख चुके हैं।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता को एक मुहिम की तरह वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के जन-जन में पहुंचाया है। आज देशभर में प्रत्येक शहरों, नगर निगमों, नगर पंचायतों तथा गांवों की स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग होती है और इसमें प्रथम आने की होड़ लगी रहती है। स्वच्छता एक आदत की तरह है। यह पुस्तक बच्चों के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगी। इसमें डस्टबिन की पहचान के बारे में भी बताया गया है।
उन्होंने कहा कि लेखक इंजी. ललित शौर्य युवा हैं। इनका यह प्रयास सराहनीय है। वह समाज के प्रति जागरूक हैं। पुस्तक के अनुक्रम में लिखे टॉपिक प्रेरित करने वाले हैं। निश्चित ही लेखक का सराहनीय प्रयास नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।
इसके साथ ही वरिष्ठ साहित्यकार व राज्य आन्दोलनकारी हेमचन्द्र सकलानी ने विधानसभा अध्यक्ष को अपनी कुछ चर्चित कृतियां (पुस्तकें) भेंट की। विधानसभा अध्यक्ष ने सकलानी की ओर से प्रकाशित अनेक पुस्तकों को राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय सम्मान मिलने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।